शराब दुकान में ‘ओवररेटिंग’ का खेल: ज्यादा पैसे देने पर मिल रही जल्दी शराब, नियमों की उड़ रही धज्जियां…NV News

Share this

RRT News- खैरागढ़ की सरकारी शराब दुकान एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। ताजा विवाद दुकान के कर्मचारियों द्वारा बनाए गए एक ‘अलिखित नियम’ को लेकर है, जिसमें ग्राहकों से प्रिंट रेट से अधिक वसूली की जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान पर खुलेआम दबंगई चल रही है—यदि कोई ग्राहक तय कीमत से ज्यादा पैसे देता है, तो उसे तुरंत शराब थमा दी जाती है, जबकि ईमानदारी से रेट पूछने वाले ग्राहकों को घंटों लाइन में खड़ा रखकर परेशान किया जाता है।

यह दुकान पहले भी मिलावटी शराब और फर्जी होलोग्राम जैसे मामलों को लेकर बदनाम रही है, लेकिन अब ओवररेटिंग और अव्यवस्था ने सारी हदें पार कर दी हैं। स्थानीय लोगों और ग्राहकों के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि यहाँ बिना ‘अतिरिक्त सेवा शुल्क’ दिए समय पर शराब मिलना नामुमकिन है। कर्मचारियों की इस मनमानी और ऊंचे दामों पर बिक्री के कारण शराब प्रेमियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, जो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि सरकारी नियंत्रण के बावजूद शराब दुकान पर यह अवैध वसूली और सिंडिकेट का खेल धड़ल्ले से जारी है। आबकारी विभाग की चुप्पी और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। ग्राहकों का आरोप है कि शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार और दबंगई की जाती है। यदि जल्द ही इस भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई गई, तो खैरागढ़ की यह सरकारी दुकान बड़े जनाक्रोश का केंद्र बन सकती है।

Share this