गांव-गांव तक विकास पहुँचाने सरकार प्रतिबद्ध: केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने लारीपारा में की 10 लाख की घोषणा…NV News

Share this

NV News बिलासपुर- आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम लारीपारा और बानाबेल का दौरा किया। जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की और क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। मंत्री श्री साहू ने लारीपारा में ग्रामीणों की मांग पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने का एलान किया।

कोटा विधानसभा के ग्राम बानाबेल में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में शिरकत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने शासन की मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “अंतिम व्यक्ति” तक लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर में कुल 169 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 मांगों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के लिए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री श्री साहू ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। वर्षा ऋतु को देखते हुए तीन माह का राशन अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि “सुशासन तिहार” का मुख्य उद्देश्य यही है कि ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समाधान उनके गांव तक पहुँचे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को चेक और कार्ड भी वितरित किए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

Share this