छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अध्यक्ष पद पर रार: भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का तंज, बोले- “घोटाले के बंटवारे को लेकर मची है लड़ाई”…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर मचे सियासी घमासान पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला तेज कर दिया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में एकता नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है, लेकिन वे अब तक अपनी कार्यकारिणी का गठन तक नहीं कर पाए हैं, जो उनकी विफलता को दर्शाता है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं के बीच मची खींचतान को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यह लड़ाई विचारधारा की नहीं, बल्कि ‘बंटवारे’ की है। मिश्रा के मुताबिक, कथित 3200 करोड़ रुपये के घोटाले की राशि का सही तरह से बंटवारा नहीं होने के कारण नेताओं के बीच ‘कॉम्पिटीशन’ चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता जनता की सेवा के बजाय केवल पद और मलाई के लिए आपस में लड़ रहे हैं।
अध्यक्ष पद की दौड़ पर चुटकी लेते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि टीएस सिंहदेव अध्यक्ष बनना चाहते हैं, अमरजीत भगत की अपनी दावेदारी है, जबकि दीपक बैज पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी कि वे आपस में बैठकर यह तय कर लें कि कमान किसके हाथ में होगी, ताकि प्रदेश की जनता भ्रमित न हो। विधायक ने साफ कहा कि इस आपसी कलह का सीधा फायदा भाजपा को मिलेगा और जनता अब कांग्रेस के असली चेहरे को पहचान चुकी है।
भाजपा विधायक ने अपने संबोधन में ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के संकल्प को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि देशभर में कांग्रेस का आधार खत्म हो रहा है और छत्तीसगढ़ में भी स्थिति अलग नहीं है। मिश्रा ने अंत में कहा कि भाजपा का एजेंडा स्पष्ट है—देश को कांग्रेस से मुक्त करना और सनातन का राज स्थापित करना। पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस की राजनीति पूरी तरह अप्रासंगिक हो जाएगी।

