महापौर की सख्त चेतावनी: जलभराव हुआ तो जोन कमिश्नर होंगे जिम्मेदार, 10 दिनों में नाला सफाई के निर्देश…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आगामी मानसून को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बारिश के दौरान यदि कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, तो इसके लिए संबंधित जोन कमिश्नर और जोन स्वास्थ्य अधिकारी सीधे तौर पर जवाबदेह होंगे। बैठक में महापौर ने सभी जोन अध्यक्षों और अधिकारियों के साथ मंथन करते हुए बारिश पूर्व सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा है।
निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने रेलवे क्षेत्र के नालों की सफाई के लिए रेलवे अधिकारियों से समन्वय बिठाने और सभी जोनों में कार्ययोजना बनाकर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जोर दिया कि आपदा प्रबंधन उपकरणों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत करा ली जाए ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर नालों की पुख्ता सफाई करवाएं।
स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने नाला सफाई के दूसरे चरण को अगले 10 दिनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने जोन अधिकारियों को सफाई कार्य में बाधक बनने वाले पाटों (अतिक्रमण) को तोड़ने की स्पष्ट कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में यह तय किया गया कि शहर के 200 से अधिक नालों की गहराई से सफाई की जाएगी ताकि बारिश के पानी का निकास सुगम हो सके और नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
