जल संकट पर रायपुर निगम का सख्त रुख: सभापति सूर्यकांत राठौड़ और संतोष साहू ने ली समीक्षा बैठक, सार्वजनिक नलों में तत्काल टोटी लगाने के निर्देश…NV News
Share this
NV News- भीषण गर्मी को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ और जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने आज जोन क्रमांक 2 कार्यालय में जल विभाग की अहम समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान किसी भी वार्ड में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर उन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करें, जहां पाइपलाइन की पहुंच नहीं है या दबाव कम है।
बैठक के दौरान सभापति और जल विभाग अध्यक्ष ने पानी की बर्बादी रोकने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जोन क्षेत्र के सभी टोटीविहीन सार्वजनिक नलों में तत्काल टोटी लगाने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, पाइपलाइन में लीकेज और मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा गया है। जल विभाग के अमले को हिदायत दी गई है कि पावर पंप और हैंडपंप में आने वाली किसी भी खराबी को तत्काल ठीक किया जाए। इसके लिए पंप मोटर और अन्य आवश्यक स्पेयर पार्ट्स का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि तकनीकी खराबी के कारण जलापूर्ति बाधित न हो।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में एमआईसी सदस्य महेंद्र खोड़ियार, अवतार भारती बागल सहित पार्षद खपति सोनी, शेख मुशीर, कृतिका जैन और रामहिन कुर्रे उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर जोन 2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, नरसिंह फरेन्द्र (जल) और फिल्टर प्लांट के सहायक अभियंता योगेन्द्र कुमार देवांगन सहित तकनीकी टीम मौजूद रही। सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्मार्ट सिटी के कार्यों के दौरान कटी पाइपलाइनों को भी तुरंत जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
