‘सरकार सुशासन तिहार मना रही और प्रदेश में मर्डर-अपहरण हो रहे’; पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कानून-व्यवस्था पर बोला करारा हमला…NV News

Share this

NV News Raipur- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव भूपेश बघेल ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ सूबे के मुख्यमंत्री प्रदेश भर में घूम-घूमकर ‘सुशासन तिहार’ मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आम जनता और प्रतिष्ठित नागरिक तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल ही में घटित कुछ बेहद गंभीर और संवेदनशील आपराधिक वारदातों का हवाला देते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जिस दिन मुख्यमंत्री कवर्धा के दौरे पर थे, ठीक उसी दिन वहां एक महिला की बेहरमी से हत्या कर दी गई। वहीं, जब वे राजनांदगांव के दौरे पर थे, तब वहां से देश की प्रतिष्ठित पद्मश्री प्राप्त समाजसेविका फूलबासन बाई के अपहरण का दुस्साहसिक प्रयास किया गया। बघेल ने तीखे लहजे में सवाल किया कि जो सरकार एक पद्मश्री सम्मानित महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, उससे आम जनता की सुरक्षा की क्या उम्मीद की जाए?

राजधानी में बिगड़ते हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए बघेल ने कहा कि रायपुर में सरेआम हत्या और लूट जैसी बड़ी वारदातें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में हाल ही में दो-दो हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे साफ पता चलता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उनमें पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की है कि सरकार केवल उत्सवों और प्रचार-प्रसार में व्यस्त रहने के बजाय प्रदेश की ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ध्यान दे, ताकि प्रदेश की भोली-भाली जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।

Share this

You may have missed