पेयजल किल्लत की खबर पर तत्काल एक्शन में आए मुख्यमंत्री; कलेक्टर को सीधे फोन लगाकर दिए जल्द समाधान के कड़े निर्देश…NV News

Share this

NV News Raipur- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र की चेराजोबला बस्ती में गहराए पेयजल संकट को लेकर बेहद संवेदनशीलता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने आज सुबह मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई उन खबरों पर तुरंत संज्ञान लिया, जिनमें दिखाया गया था कि पानी की भारी किल्लत के कारण स्थानीय ग्रामीणों को नाले और ढोढ़ी (प्राकृतिक छोटे गड्ढों) का दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। सीएम साय ने इस गंभीर मानवीय समस्या पर बिना कोई देरी किए जिला प्रशासन को तुरंत राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मामले की कमान संभालते हुए सरगुजा जिले के कलेक्टर अजीत वसंत को सीधे फोन लगाया और प्रभावित बस्ती की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया कि चेराजोबला बस्ती में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए अविलंब स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की वैकल्पिक व स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि भीषण गर्मी के इस मौसम में राज्य के किसी भी हिस्से में पेयजल की समस्या को लेकर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री के सीधे फोन आने के बाद सरगुजा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शुरू कर दिया है। प्रभावित बस्ती में पानी के टैंकरों के माध्यम से तत्काल जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही क्षेत्र के बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत और नए जल स्रोतों को विकसित करने की दिशा में युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है।

Share this

You may have missed