सनसनीखेज वारदात: खूनी रिश्ते में बदला पारिवारिक विवाद, बाउंसर जीजा ने सालियों पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत, दूसरी गंभीर…NV News
Share this
NV News Raipur- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक विवाद के चलते एक जीजा ने अपनी ही दो सालियों पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी हमले में एक युवती के माथे पर गोली लगने से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती के पेट में गोली लगी है, जिसे बेहद नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से एक बाउंसर है। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और ससुराल वाले उसे उसके बच्चों से मिलने नहीं दे रहे थे। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी मंगलवार देर रात सुंदरी पारा (मोवा) स्थित अपने ससुराल पहुंचा और वहां जमकर हंगामा करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से से बौखलाए बाउंसर ने आव देखा न ताव और अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर दोनों सालियों (गीतांजलि और दुर्गेश्वरी) पर गोलियां बरसा दीं।
गोलीबारी की इस भयानक घटना के तुरंत बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा ने थाने जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस इस पूरे मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
