तपती धूप और अनसुनी मांग: भीषण गर्मी में 133 दिन से डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन जारी, लगातार बिगड़ रही तबीयत…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर अपनी वैध नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का हौसला डिगाने में शासन की चुप्पी और मौसम का कड़ा मिजाज भी नाकाम साबित हो रहा है। मंगलवार को अभ्यर्थियों का यह आमरण अनशन बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंचते हुए 133वें दिन में प्रवेश कर गया। भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और तपतपाती लू के थपेड़ों के बीच भी ये युवा अपनी संवैधानिक मांगों को लेकर खुले आसमान के नीचे डटे हुए हैं।

इस कड़ाके की गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण धरना स्थल पर बैठे आंदोलनकारियों की शारीरिक हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है। आए दिन अभ्यर्थी डिहाइड्रेशन, अत्यधिक कमजोरी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। कई युवाओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा है। इसके बावजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक शिक्षा विभाग द्वारा शेष बचे पदों पर उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन और आमरण अनशन अनवरत जारी रहेगा।

लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन के चलते अब चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में भारी मानसिक तनाव और आक्रोश का माहौल है। युवाओं का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के स्पष्ट रुख व उनकी योग्यता के बावजूद शासन-प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है। आंदोलनकारियों ने सरकार से तत्काल इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए नियुक्ति आदेश जारी करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की पुरजोर अपील की है।

Share this

You may have missed