जमीन पर बैठकर श्रमिकों संग लिया ‘बोरे बासी’ का आनंद: काम के बीच जब मुख्यमंत्री ने चखी आमा चटनी और चना भाजी…NV News
Share this
कबीरधाम (4 मई 2026)। सुशासन तिहार के दौरान कबीरधाम के ग्राम लोखान में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता और सादगी का एक अद्भुत उदाहरण सामने आया। निर्माणाधीन पंचायत भवन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने न केवल काम की समीक्षा की, बल्कि वहां काम कर रहे श्रमिकों के आग्रह पर उनके साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी भोजन किया। मुख्यमंत्री का यह अंदाज़ देख वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया।
निरीक्षण के दौरान महिला श्रमिकों ने बड़े स्नेह से मुख्यमंत्री को भोजन का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने तुरंत इसे स्वीकार किया और पूछा— “खाने में क्या लाए हो?” जब महिलाओं ने बताया कि वे घर से बोरे बासी, पान पुरवा रोटी, चना भाजी, मुनगा बड़ी और आमा चटनी लेकर आई हैं, तो मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के जमीन पर बैठकर श्रमिकों के टिफिन से ही भोजन ग्रहण किया। इस आत्मीयता ने मुख्यमंत्री और आम जनता के बीच की दूरी को खत्म कर दिया।
भोजन की थाली के साथ-साथ मुख्यमंत्री योजनाओं का ‘ग्राउंड फीडबैक’ भी लेते रहे। उन्होंने महिला श्रमिकों से महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ के बारे में पूछा। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाका होने के कारण गर्मी में पानी के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। मुख्यमंत्री ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भोजन के दौरान ही बड़ा फैसला लिया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कलेक्टर को निर्देशित किया कि क्षेत्र के 26 गांवों के लिए प्रस्तावित विशेष पेयजल पाइपलाइन प्रोजेक्ट को तत्काल स्वीकृति देकर धरातल पर काम शुरू कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन का अर्थ केवल कागजी योजनाएं नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है। मुख्यमंत्री का यह ‘जमीन पर भोजन और जमीन पर फैसला’ वाला अंदाज़ अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

