आत्मनिर्भरता की नई मिसाल: मुख्यमंत्री पहुंचे ‘लखपति दीदी’ की दुकान, सामान खरीदकर खुद किया भुगतान…NV News

Share this

NV News- जशपुर (3 मई 2026)। सुशासन तिहार के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का एक बेहद सादगी भरा और प्रेरक रूप देखने को मिला। जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री अचानक हेलीपैड के पास स्थित एक छोटी सी किराना दुकान पर जा रुके। यह दुकान ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की है, जिन्होंने मुद्रा लोन के जरिए अपनी किस्मत बदली है। मुख्यमंत्री को अपनी चौखट पर पाकर सुमिला भावुक हो उठीं और उन्होंने लौंग-इलायची के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने सुमिला से उनके संघर्ष और सफलता की कहानी सुनी। सुमिला ने बताया कि कैसे उन्होंने एक लाख रुपये का मुद्रा लोन लेकर इस दुकान की नींव रखी और आज न केवल किराना सामान, बल्कि फोटोकॉपी और फ्रिज की सुविधा भी ग्रामीणों को दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने दुकान से ठंडा पानी और फलाहारी चिवड़ा खरीदा। जब भुगतान की बारी आई, तो सुमिला ने पैसे लेने से संकोच किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने पर्स से पैसे निकालते हुए मुस्कुराकर कहा— “यह आपकी मेहनत की कमाई है, इसे जरूर लीजिए।”

दुकान के संचालन के साथ-साथ सुमिला का परिवार खेती-किसानी में भी उन्नत है। सुमिला ने गर्व से बताया कि उनकी बेटी प्रियंका पढ़ाई में अव्वल है और छुट्टियों में दुकान में हाथ बंटाती है। उनके पास अब अपना ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन भी है। मुख्यमंत्री ने सुमिला के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि वनांचल की ऐसी मेहनतकश महिलाएं ही प्रदेश की असली ताकत हैं। उन्होंने सुमिला को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आज आप ‘लखपति दीदी’ हैं, कल ‘करोड़पति दीदी’ भी बनेंगी।

मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक मुख्यमंत्री का आम नागरिक की दुकान पर जाकर सामान खरीदना और खुद भुगतान करना, सुशासन के उस संकल्प को दर्शाता है जहाँ शासन और जनता के बीच कोई दूरी नहीं होती। यह दौरा न केवल सुमिला के लिए यादगार रहा, बल्कि पूरे वनांचल क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्वावलंबन का एक बड़ा संदेश बन गया।

Share this

You may have missed