Today CG News- ‘सेवा सेतु’ पोर्टल लॉन्च: 441 सरकारी सेवाएं अब आपके मोबाइल पर…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘सेवा सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया है। यह पोर्टल ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का एक उन्नत और आधुनिक संस्करण है, जिसे आम जनता की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। अब प्रदेश के नागरिकों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और विवाह पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पोर्टल पर कुल 441 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पारदिर्शता और समय की बचत होगी।

इस नए पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत इसका AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित होना है, जो इसे पहले से कहीं अधिक सरल और सुरक्षित बनाता है। नागरिकों की सुविधा के लिए इसमें आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिलॉकर और WhatsApp इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। वर्तमान में लगभग 25 प्रमुख सेवाएं सीधे WhatsApp के जरिए भी प्राप्त की जा सकती हैं। इसके अलावा, यह पोर्टल 22 अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध है, ताकि प्रदेश के हर वर्ग के लोग अपनी स्थानीय भाषा में सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ‘सुशासन’ को घर-घर तक पहुंचाना है। ‘सेवा सेतु’ के जरिए आवेदन करने पर आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से स्टेटस की जानकारी मिलेगी और अप्रूवल के बाद वे डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र सीधे डाउनलोड कर सकेंगे। राज्य स्तर पर इसका संचालन चिप्स (CHiPS) द्वारा किया जा रहा है। रायपुर से शुरू हुई यह सुविधा डिजिटल डिवाइड को कम करने और लोगों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी।

Share this