हज़ारों घरों का चूल्हा बुझने की नौबत: बड़ी गैस एजेंसी अचानक निलंबित, 12 हज़ार उपभोक्ताओं का भविष्य अधर में; सड़कों पर फूटा गुस्सा…NV News
Share this
NV News – रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित ‘रायपुर गैस एजेंसी’ पर प्रशासन की बड़ी गाज गिरी है, जिसके बाद हज़ारों परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। एजेंसी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जिससे इससे जुड़े लगभग 12,000 उपभोक्ताओं को अब दूसरी गैस एजेंसियों में स्थानांतरित (मर्ज) किया गया है। अचानक हुए इस बदलाव और वितरण व्यवस्था के ठप होने से आम जनता में भारी आक्रोश है। सोमवार सुबह जब बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर के लिए एजेंसी पहुँचे, तो वहां ‘स्टॉक खत्म’ का बोर्ड देखकर उनका सब्र जवाब दे गया और जमकर हंगामा हुआ।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने एक-एक महीने पहले से बुकिंग करा रखी है, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि नए ग्राहकों से 500 से 600 रुपये अतिरिक्त लेकर अवैध रूप से गैस बांटी जा रही है। हंगामे के दौरान गुस्साई भीड़ ने कार्यालय में तोड़फोड़ भी की, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। प्रशासन ने 11,000 उपभोक्ताओं को ‘राजेंद्र एचपी’ और 1,000 उपभोक्ताओं को ‘शांति एचपी’ में मर्ज तो कर दिया है, लेकिन जमीनी स्तर पर तालमेल की कमी के कारण लोग एजेंसी से गोदाम के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
अव्यवस्था का आलम यह है कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी आने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कर्मचारी स्टॉक की कमी का बहाना बना रहे हैं, जबकि लोग सुबह 6 बजे से ही लंबी कतारों में लग रहे हैं। इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद उत्पन्न हुई समस्या ने शहर की गैस वितरण प्रणाली की पोल खोल दी है। फिलहाल, लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन राहत की कोई ठोस उम्मीद नज़र नहीं आ रही है।
