Wedding Heist: रिसेप्शन पार्टी में ‘बिन बुलाए मेहमान’ का कारनामा; लाखों के जेवर और 4 लाख कैश लेकर हुआ रफूचक्कर…NV News

Share this

NV News – राजिम: खुशियों भरे शादी के माहौल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम सेंदर एक शातिर चोर ने बड़ी ही सफाई से लाखों की चोरी को अंजाम दे दिया। मामला एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का है, जहाँ सज-धजकर आए मेहमानों के बीच एक ‘बिन बुलाया मेहमान’ भी दाखिल हुआ। सूट-बूट पहने इस शख्स पर किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही मौका मिला, वह 4 लाख रुपये नकद और कीमती गहनों से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। जब तक परिवार को बैग गायब होने का अहसास हुआ, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।

परिजनों के अनुसार, बैग में न केवल मोटी नकदी थी, बल्कि शादी के लिए लाए गए सोने-चांदी के जेवर भी रखे हुए थे। चोरी की इस वारदात के बाद समारोह की खुशियाँ पल भर में चिंता में बदल गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी की। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर काफी देर तक भीड़ में घुल-मिलकर रेकी कर रहा था और उसने ठीक उसी समय हाथ साफ किया जब सभी लोग स्टेज पर फोटो खिंचवाने या खाने में व्यस्त थे।

पुलिस अब मैरिज गार्डन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए मेहमानों की लिस्ट और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शादियों के सीजन में सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने अपील की है कि समारोह के दौरान कीमती सामान और नकदी वाले बैग की जिम्मेदारी किसी भरोसेमंद व्यक्ति को ही सौंपें और अनजान चेहरों पर पैनी नजर रखें।

Share this