Swachh Bharat Abhiyan Progress: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को मिल रहा शानदार प्रतिसाद; पार्षद महेश ध्रुव खुद अलग-अलग कचरा देकर रहे जागरूकता का संदेश.,.. NV News
Share this
NV News रायपुर न्यूज़: रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन शाखा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान का अब फील्ड पर सकारात्मक और असरदार प्रतिसाद देखने को मिल रहा है। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर तथा निगम आयुक्त श्री सबित मिश्रा के निर्देशन में शहर के सभी 10 जोनों के 70 वार्डों में सतत स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जोन क्रमांक 3 के गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक 48 (सीमानगर) के पार्षद श्री महेश कुमार ध्रुव स्वयं एक मिसाल पेश कर रहे हैं। वे प्रतिदिन अपने निवास से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखकर सफाई मित्र को सफाई वाहन में दे रहे हैं। इसके साथ ही वे वार्डवासियों को भी घर पर ही कचरा पृथक-पृथक रखकर निष्पादित करने और बाहर कचरा न फेंकने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं।
निगम के सभी वार्डों, मोहल्लों और बस्तियों के रहवासियों द्वारा अब अपने घरों में दो अलग-अलग डस्टबिन रखकर सूखा व गीला कचरा पृथक करके डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियों में दिया जा रहा है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे रायपुर को स्वच्छ और सुंदर राजधानी बनाने में इसी तरह अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।

