निगम की सख्ती का असर: सीलबंदी शुरू होते ही 3 बड़े बकायादारों ने मौके पर चुकाए ₹9.21 लाख…NV News
Share this
रायपुर नगर निगम की सख्ती का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। जोन क्रमांक 1 में जैसे ही सीलबंदी की कार्रवाई शुरू हुई, तीन बड़े बकायादारों ने मौके पर ही घुटने टेकते हुए अपनी बकाया राशि जमा कर दी। इस कार्रवाई के दौरान निगम को कुल 9 लाख 21 हजार 4 रुपये की वसूली हुई।
यह पूरी कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश और राजस्व विभाग की टीम की निगरानी में की गई। उपायुक्त राजस्व जागृति साहू और जोन-1 कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में बकायादारों पर शिकंजा कसा गया।
सीलबंदी के दौरान ओशो भवन ट्रस्ट गुढ़ियारी ने 5 लाख 19 हजार 149 रुपये, सुनील कुमार शर्मा ने 2 लाख 46 हजार 338 रुपये और वालजी भाई कांतिलाल ने 1 लाख 55 हजार 517 रुपये की बकाया राशि तुरंत जमा कर दी।
निगम की इस सख्त कार्रवाई से बाकी बकायादारों में भी हड़कंप मच गया है। साफ संकेत है कि अब बकाया टैक्स को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान जोन-1 की राजस्व टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे अभियान को सख्ती से अंजाम दिया गया। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर में बकाया वसूली अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि राजस्व में बढ़ोतरी हो सके।
