कांकेर में मामा-भांजी के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी की जिद पर खेत में कीटनाशक पीकर दी जान…NV News

Share this

Kanker। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्ते में मामा-भांजी लगने वाले युवक-युवती ने कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।

मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी 26 वर्षीय राकेश अचला और जाबेली गांव की 20 वर्षीय कुमारी जगवती बडडे के रूप में हुई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन रिश्ते की वजह से परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था।

जानकारी के अनुसार 11 मार्च की रात दोनों टेकामेटा गांव के पास एक खेत में पहुंचे और वहीं कीटनाशक पी लिया। जहर का असर होने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

अगली सुबह जब ग्रामीण महुआ बीनने के लिए खेतों की ओर गए तो उन्हें दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने सरपंच और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की नाराजगी और सामाजिक रिश्ते की वजह से यह संभव नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया।

Share this