रायपुर नगर निगम में तीन वरिष्ठ अधिकारियों की सम्मानजनक विदाई; आयुक्त विश्वदीप ने मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और जोन कमिश्नर को किया सम्मानित…NV News

Share this

रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय में आज एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें तीन वरिष्ठ अधिकारियों— मुख्य अभियंता श्री यूके धलेन्द्र, अधीक्षण अभियंता श्री पी. राजेश नायडू और जोन कमिश्नर डॉ. आरके डोंगरे को उनकी सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने तीनों अधिकारियों को शाल, श्रीफल, बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान आयुक्त ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार के साथ सुखद जीवन की मंगल कामना की।

आयुक्त ने सराहा योगदान: तकनीकी दक्षता और राजस्व वसूली पर दिया जोर

विदाई भाषण के दौरान आयुक्त श्री विश्वदीप ने तीनों अधिकारियों के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि:

श्री यूके धलेन्द्र: मुख्य अभियंता के रूप में उन्होंने तकनीकी कार्यों की सटीक मॉनिटरिंग और फॉलोअप के जरिए निगम को मजबूती दी।

डॉ. आरके डोंगरे: जोन कमिश्नर के रूप में मात्र 8 माह के छोटे कार्यकाल में उन्होंने जोन 2 में रिकॉर्ड राजस्व वसूली कर अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया।

श्री पी. राजेश नायडू: अधीक्षण अभियंता के रूप में उन्होंने शहर की सुगम जलापूर्ति के लिए नए फिल्टर प्लांट की बेहतरीन तकनीकी योजना तैयार की, जो भविष्य में रायपुरवासियों के लिए वरदान साबित होगी।

साझा किए खट्टे-मीठे संस्मरण: सहयोगियों ने दी शुभकामनाएं

समारोह के दौरान तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने नगर निगम में बिताए अपने लंबे सेवाकाल के दौरान के अनुभव और यादगार संस्मरण साझा किए। उन्होंने नगर निगम परिवार से मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। अपर आयुक्त श्री लोकेश्वर साहू, श्रीमती कृष्णा खटीक, उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा सहित अन्य जोन कमिश्नरों और कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री प्रमोद जाधव ने भी इन अधिकारियों के साथ बिताए वक्त और उनके कार्यशैली की प्रशंसा की।

नगर निगम परिवार की उपस्थिति

इस अवसर पर नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन श्री योगेश कडू, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, श्री अंशुल शर्मा (सीनियर) सहित बड़ी संख्या में निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने नम आंखों से अपने वरिष्ठों को विदाई दी और उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share this

You may have missed