मेयर कप क्रिकेट: जोन 7 ने जोन 1 को रौंदकर सेमीफाइनल में मारी एंट्री; गोपाल बने ‘मैन ऑफ द मैच’, भोलाराम साहू की जादुई गेंदबाजी…NV News
Share this
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित ‘मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा’ अपने रोमांचक दौर में पहुँच चुकी है। आज खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नगर निगम जोन 7 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोन 1 को करारी शिकस्त दी और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के शोर ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया।
मैच की शुरुआत में जोन 1 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 117 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लेकिन जोन 7 के बल्लेबाजों के इरादे कुछ और ही थे। गोपाल और झालेश्वर साहू की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत जोन 7 ने मात्र 6 ओवरों में ही 118 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। झालेश्वर साहू को उनकी तूफानी पारी के लिए ‘बेस्ट बैट्समैन’ चुना गया, जबकि गोपाल को उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन के लिए लगातार दूसरी बार ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
गेंदबाजी के मोर्चे पर एमआईसी सदस्य श्री भोलाराम साहू ने घातक गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया, जिसके लिए उन्हें ‘बेस्ट बॉलर’ घोषित किया गया। इस मैच की एक और खास बात श्री भोलाराम साहू की कमेंट्री रही; उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा में मैच का आंखों देखा हाल सुनाकर स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। उनकी सुमधुर और ठेठ छत्तीसगढ़ी कमेंट्री ने खेल के रोमांच को दोगुना कर दिया।
मैच के समापन पर नगर निगम खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर साहू ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अब अगले मुकाबलों में 27 फरवरी को मुख्यालय बनाम जोन 6 और जोन 5 बनाम जोन 8 के बीच कांटे की टक्कर होने वाली है।
