रायपुर: गर्मी में नहीं होगी पानी की किल्लत, जल विभाग अध्यक्ष संतोष साहू ने जोन 8 में टैंकर और नए बोरिंग को लेकर दिए कड़े निर्देश…NV News
Share this
रायपुर। राजधानी में भीषण गर्मी की आहट के साथ ही नगर पालिक निगम रायपुर ने पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। आज नगर निगम जल विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू ने जोन क्रमांक 8 में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकाल के दौरान शहर के किसी भी क्षेत्र, विशेषकर ‘टेल एंड’ (अंतिम छोर) के इलाकों में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए।
टैंकरों के संचालन में आएगी पारदर्शिता
बैठक में जल विभाग अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के दौरान टैंकरों के माध्यम से होने वाले जल परिवहन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। अब वार्डों में चलने वाले टैंकरों की सूची और उनके गंतव्य की जानकारी संबंधित वार्ड पार्षद को देना अनिवार्य होगा। साथ ही, टैंकरों द्वारा पानी कहाँ पहुँचाया गया, इसका सत्यापन भी वार्ड पार्षद से कराना होगा। इसी तरह, नए नल कनेक्शन के स्थानों का सत्यापन भी पार्षदों के माध्यम से किया जाएगा।
नए बोर खनन और संसाधनों पर जोर
गर्मी को देखते हुए जोन 8 में नवीन बोर खनन के लिए पार्षदों से समन्वय कर ऐसे स्थानों का चयन करने को कहा गया है, जिससे आसपास के अन्य जल स्रोतों पर बुरा प्रभाव न पड़े। अध्यक्ष ने जोन के स्टोर में पर्याप्त मात्रा में पंप, पैनल बॉक्स, रोल पाइप, हैंडपंप के सामान और पानी की टंकी जैसे आवश्यक संसाधन रिजर्व में रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि तकनीकी खराबी होने पर तत्काल सुधार कार्य किया जा सके।
पार्षदों के साथ होगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
समीक्षा के दौरान जोन 8 के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ठाकुर सहित अन्य पार्षदों की मौजूदगी में तय हुआ कि जल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पार्षदों के साथ मिलकर उन क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे जहाँ हर साल जल संकट की स्थिति बनती है। बैठक में पार्षद संदीप साहू, भगतराम हरबंश, डॉ. मनमोहन मनहरे सहित कार्यपालन अभियंता नरसिंह फरेन्द्र और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
