विधायक मोतीलाल साहू ने दी ₹3.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात; लाभांडी स्कूल के शेड को बताया ‘विधानसभा मॉडल’…NV News
Share this
रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर निगम जोन-9 के वार्डों में विकास की नई बयार बहने वाली है। क्षेत्रीय विधायक श्री मोतीलाल साहू ने आज विभिन्न वार्डों का दौरा कर क्षेत्रवासियों को साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की अनुपम सौगात दी। विधायक ने जहाँ 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 8 कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं 2 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत वाले 7 नए कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण की आधारशिला रखी।
लोकार्पण: तैयार हुए नए मार्ग और शिक्षा के मंदिर
विधायक साहू ने कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड, पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड और डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड में सीसी रोड, धीवर समाज भवन के पास शेड निर्माण, लाभांडी हाई स्कूल में शेड रंगमंच और अतिरिक्त कक्ष, तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल मोवा में रंगमंच शेड जैसे 8 प्रमुख कार्यों का लोकार्पण किया।
लाभांडी स्कूल शेड बनेगा ‘मॉडल’
लाभांडी स्कूल में निर्मित नवीन शेड की गुणवत्ता और फिनिशिंग देख विधायक मोतीलाल साहू गदगद हो गए। उन्होंने इस शेड की जमकर सराहना की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस शेड को रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए ‘मॉडल शेड’ के रूप में अपनाएं। साथ ही, उन्होंने लाभांडी स्कूल के पास रिक्त भूमि पर एक नया सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव शीघ्र देने के निर्देश जोन कमिश्नर को दिए।
भूमिपूजन: ₹2.57 करोड़ से सुधरेगी वार्डों की सूरत
क्षेत्रीय विकास को गति देते हुए विधायक ने लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड और अन्य वार्डों में नाला निर्माण, सीसी रोड, सामुदायिक भवन, चबूतरा और शौचालय निर्माण जैसे कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने अधिकारियों को दोटूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।
इस अवसर पर जोन-9 अध्यक्ष गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य खेमकुमार सेन, पार्षद सावित्री धीवर, देवदत्त द्विवेदी, मोहन कुमार साहू सहित निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जोन अध्यक्ष गोपेश साहू ने ग्रामीण विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
