Balrampur Rice Scam: अवैध धान खपाने वाले पटवारी और ऑपरेटर गिरफ्तार, यूपी से लाकर मंडी में बेचते थे धान

Share this

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध धान खपाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सनावल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और एक ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में पकड़े गए आरोपियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की खरीदी मंडियों में बेच रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटवारी संजय सोनी (32 वर्ष) और ऑपरेटर राजेश कुमार (39 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी यूपी से लाए गए धान को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग किसानों के खातों में खपाकर अवैध लाभ कमा रहे थे।

दरअसल, थाना सनावल में पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 82/2025 के तहत धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं धारा 318(4), 61(2) बीएनएस में आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता और उसके भाई शिवम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

जांच के दौरान जब आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता का मोबाइल फोन खंगाला गया, तो उसमें पटवारी संजय सोनी और राजेश कुमार की इस पूरे अवैध धान कारोबार में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी यूपी से धान लाकर छत्तीसगढ़ की सरकारी खरीदी मंडियों में फर्जी तरीके से किसानों के खातों के माध्यम से विक्रय करते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपी

1. संजय सोनी, पिता नीलम सोनी, उम्र 32 वर्ष

निवासी – सनावल, थाना सनावल, जिला बलरामपुर (पटवारी)

2. राजेश कुमार, पिता जलदेव प्रसाद गुप्ता, उम्र 39 वर्ष

निवासी – तालकेश्वरपुर, थाना सनावल, जिला बलरामपुर (ऑपरेटर)

Share this

You may have missed