Corruption News: GST घोटाले की शिकायत PMO तक: पूर्व गृहमंत्री ने दवा कंपनियों–अधिकारियों की जांच की मांग की
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर ने राज्य में बड़े पैमाने पर जीएसटी और आयकर चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रधान सचिव पीके मिश्रा को शिकायत पत्र भेजा है। उन्होंने दवा कंपनियों, जीएसटी विभाग और ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत की केंद्रीय स्तर पर जांच कराने की मांग की है।
ननकी राम कंवर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में एक संगठित सिंडिकेट के जरिए राज्य सरकार को हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि केंद्र सरकार इस मामले में हस्तक्षेप कर गहन जांच कराए, तो अरबों रुपये के घोटाले उजागर हो सकते हैं।
फर्जी हॉस्पिटल सप्लाई के नाम पर दवाओं की कालाबाजारी
कंवर के अनुसार, राज्य के जीएसटी विभाग और ड्रग कंट्रोल ऑफिस की मिलीभगत से दवा कंपनियां सरकारी व निजी अस्पतालों के नाम पर फर्जी क्रय आदेश बनाकर दवाएं रियायती दर पर निकाल रही हैं। इन दवाओं को बाद में खुले बाजार में बिना बिल ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 100 रुपये की दवा को 30–40 रुपये में अस्पताल सप्लाई के नाम पर निकालकर 70–80 रुपये में खुले बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी हो रही है।
इन बड़े अस्पतालों के नाम पर निकाली गई दवाएं
शिकायत पत्र में जिन संस्थानों के नाम पर फर्जी ऑर्डर जारी किए जाने का आरोप लगाया गया है, उनमें शामिल हैं—
बालको हॉस्पिटल (बालको व रायपुर)
NTPC के अस्पताल
SECL के सभी अस्पताल
भिलाई स्टील प्लांट अस्पताल
CSEB के अस्पताल
ESIC अस्पताल
NMDC, जिंदल, लैंको समेत अन्य निजी अस्पताल
इन नामचीन दवा कंपनियों पर आरोप
कंवर ने आरोप लगाया है कि इस घोटाले में देश की कई बड़ी दवा कंपनियां शामिल हैं, जिनमें—
एबॉट इंडिया, बायोकॉन, रैनबैक्सी, मैनकाइंड, सिप्ला, सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज, अल्केम, टॉरेंट, सीरम इंस्टीट्यूट, जायडस, हिमालया ड्रग्स सहित कई कंपनियों के नाम शामिल हैं।
1000 से 1200 करोड़ की टैक्स चोरी का दावा
पूर्व गृहमंत्री का दावा है कि हर साल 1000 से 1200 करोड़ रुपये की दवाओं के फर्जी ऑर्डर बनाए जा रहे हैं, जिससे जीएसटी और आयकर की भारी चोरी हो रही है। यह खेल पिछले कई वर्षों से पूरे प्रदेश में चल रहा है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
ननकी राम कंवर ने पीएमओ से आग्रह किया है कि इस पूरे मामले में जीएसटी विभाग, ड्रग कंट्रोल ऑफिस, संबंधित अधिकारियों, दवा कंपनियों और डीलरों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर टैक्स की वसूली और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाए।
