CG Board Practical Exam: 10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा आज से शुरू, अनुपस्थित छात्रों को नहीं मिलेगा दूसरा मौका
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं आज 1 जनवरी से प्रारंभ हो गई हैं। ये परीक्षाएं मंडल द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षकों की उपस्थिति में आयोजित की जा रही हैं। माशिमं ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।
इस वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं 20 फरवरी से आयोजित की जा रही हैं। इसी वजह से प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन समय से पहले किया जा रहा है। मंडल द्वारा प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए 1 जनवरी से 20 जनवरी तक की तिथि निर्धारित की गई है। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा का कार्यक्रम तय करेंगे, लेकिन सभी परीक्षाएं मंडल की गाइडलाइन के अनुसार ही होंगी।
बाह्य परीक्षक की नियुक्ति केवल मंडल करेगा
माशिमं ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल अपनी ओर से बाह्य परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकते। यदि ऐसा किया गया तो प्रैक्टिकल परीक्षा अमान्य मानी जाएगी। आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संस्था स्तर पर की जाएगी, जिसमें संबंधित विषय शिक्षक ही आंतरिक परीक्षक होंगे। प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक की नियुक्ति मंडल द्वारा नहीं की जाएगी।
आकस्मिक निरीक्षण करेगा मंडल
प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान मंडल के अधिकारी आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। इस कारण परीक्षा को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के लिए गत वर्षों की बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग किया जाएगा, आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया है। पात्रता के अभाव में निरस्त विद्यार्थियों के प्रायोगिक अंक मान्य नहीं किए जाएंगे।
अनुपस्थित छात्रों को नहीं मिलेगा दूसरा मौका
मंडल ने दो टूक कहा है कि प्रैक्टिकल परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी। अनुपस्थित विद्यार्थियों को किसी भी स्थिति में विशेष अनुमति या दोबारा परीक्षा का अवसर नहीं मिलेगा। सभी प्रैक्टिकल परीक्षाएं माशिमं द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक की मौजूदगी में ही कराई जाएंगी।
