Robbery News: सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ, नगर में बढ़ती चोरी से दहशत
Share this
अकलतरा। नगर के वार्ड क्रमांक 18 अंतर्गत अंधियारी पाठ मार्ग मुख्य सड़क पर स्थित विभु राज सिंह के सूने मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे के पास बने छोटे दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
लॉकर से चोरों ने 10 चांदी के सिक्के, चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, सोने का लॉकेट, सोने की अंगूठी, अन्य सोने के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद सहित लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। बताया गया कि शीतकालीन अवकाश के दौरान विभु राज सिंह 24 दिसंबर को पत्नी और बच्चों के साथ अयोध्या व बनारस की तीर्थ यात्रा पर गए थे।
28 दिसंबर की रात करीब 8 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के छोटे गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था और कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में बिस्तर पर सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही विभु राज सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई और मामले में रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात कही है।
गौरतलब है कि नगर में बीते एक सप्ताह के भीतर चोरी की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस थाना के पीछे ललिता देवी साहू के मकान से चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं, वार्ड क्रमांक 12 में आनंद जैन के सूने मकान से चांदी के सिक्के, आभूषण और 20 हजार रुपये नकद सहित लगभग 70 हजार रुपये की चोरी हुई। इसके अलावा मिनीमाता चौक में खड़े दो ट्रकों से बैटरी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। वहीं पुलिस थाना से मात्र 40 मीटर की दूरी पर रेवा लाल भारद्वाज के सूने मकान में चोरी का प्रयास भी किया गया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने व चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
