Crime News: मानसिक रूप से असहाय महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
Share this
राजनांदगांव / मानसिक रूप से असहाय महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। यह मामला पुलिस चौकी सुरगी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(k), 63(2), 74 एवं 332 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र यादव, निवासी मलपुरी के रूप में हुई है।
बताया गया कि 24 दिसंबर को पीड़िता के परिजनों ने सुरगी चौकी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में उल्लेख किया गया कि 22 दिसंबर को सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच आरोपी ने पीड़िता की मानसिक स्थिति का अनुचित लाभ उठाते हुए घर में जबरन प्रवेश किया और उसके साथ गंभीर व जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि इस प्रकार के संगीन अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
