CG Corruption: भारत माला प्रोजेक्ट घोटाले का आरोप लगाने वाले पूर्व सरपंच ने सैकड़ों ग्रामीणों संग मांगी इच्छा मृत्यु
Share this
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है, जहां भारतमाला प्रोजेक्ट में कथित घोटाले की शिकायत करने वाले पूर्व सरपंच और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इच्छा मृत्यु की मांग कर दी। पूर्व सरपंच का आरोप है कि भ्रष्टाचार उजागर करने की कीमत उन्हें मानसिक प्रताड़ना के रूप में चुकानी पड़ रही है।
ग्राम सिवनी कला के पूर्व सरपंच ईश्वर लाल साहू सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचे। सभी के हाथों में आवेदन थे और एक ही मांग — इच्छा मृत्यु। पूर्व सरपंच का कहना है कि उन्होंने भारतमाला प्रोजेक्ट में हुई अनियमितताओं की शिकायत की थी, लेकिन न्याय मिलने के बजाय उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
ईश्वर साहू का आरोप है कि शिकायत के बाद एक सत्ताधारी नेता के प्रभाव में उनके खिलाफ लगातार नोटिस, जांच और कार्रवाई की जा रही है। इससे वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायत करने वालों को इस तरह प्रताड़ित किया जाएगा तो गांवों में लोकतंत्र और पारदर्शिता केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगी।
मामले को लेकर प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल जांच का आश्वासन दिया गया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले को इंसाफ मिलेगा या फिर सच बोलने की यही कीमत चुकानी पड़ेगी?
