CG Crime News: DSP पर युवक-युवती का जानलेवा हमला, चाकू से किए गए वार में गंभीर रूप से घायल

Share this

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक (DSP) तोमेश वर्मा पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक और एक युवती ने चाकू से DSP पर हमला किया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार DSP की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हमला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। DSP तोमेश वर्मा किसी शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा पहुंचे हुए थे। इसी दौरान दुर्ग जिले के निवासी रमाशंकर साहू और रजनिशा वर्मा उनका पीछा करते हुए यहां पहुंचे और मौका मिलते ही उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोट

हमले में DSP के चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि अधिकारी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

हमलावर मौके से गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों युवक और युवती को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों से सघन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हमला पुरानी आपसी रंजिश के चलते किया गया।

दुर्ग कोर्ट में चल रहा था मामला

सूत्रों के अनुसार, DSP तोमेश वर्मा और आरोपियों के बीच दुर्ग जिला न्यायालय में एक प्रकरण विचाराधीन है। आशंका जताई जा रही है कि उसी मामले को लेकर आरोपियों ने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया।

दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और हमले के पीछे की सटीक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Share this

You may have missed