CG Student Missing: केंद्रीय विश्वविद्यालय का छात्र रहस्यमयी तरीके से लापता, तीन दिन से कोई सुराग नही

Share this

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। लापता छात्र का नाम राहुल यादव है, जो विश्वविद्यालय में फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र है। बीते तीन दिनों से उसका कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजनों और दोस्तों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार राहुल यादव गौरेल-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही का रहने वाला है और पढ़ाई के सिलसिले में कोनी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि राहुल 18 दिसंबर की सुबह यूनिवर्सिटी जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह न तो अपने किराये के कमरे पर लौटा और न ही अपने गृहग्राम पहुंचा।

काफी तलाश के बाद भी जब राहुल का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने कोनी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं राहुल के दोस्तों और यूनिवर्सिटी के सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी आखिरी गतिविधियों के बारे में कोई सुराग मिल सके। फिलहाल छात्र का कहीं कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Share this

You may have missed