CG Crime News: दिनदहाड़े चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़े

Share this

बिलासपुर। आमजन में भय का माहौल बनाने वाले दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 594/2025 एवं 595/2025 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलेश सूर्यवंशी (24 वर्ष) निवासी पंडरीपार, ग्राम घुटकु तथा अनुराग यादव (19 वर्ष) निवासी साईं मंदिर के पास, बड़ी कोनी के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे बिरकोना रोड और तुर्काडीह पुल के पास दो युवक चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से धारदार लोहे के चाकू बरामद किए गए। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद चाकू जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Share this

You may have missed