जांजगीर-चांपा में मिडिल स्कूल के मध्यान भोजन से फूड पॉइजनिंग, दर्जनभर से ज्यादा बच्चे बीमार

Share this

जांजगीर-चांपा। जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। नवागढ़ विकासखंड के मिडिल स्कूल चौराभांठा में आज मध्यान भोजन के दौरान खीर-पूड़ी खाने के बाद दर्जनभर से अधिक बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों को तेज पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ते देख स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्कूल के शिक्षकों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मध्यान भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

Share this

You may have missed