जांजगीर-चांपा में प्रोफेसर का किडनैप कर 14 लाख की लूट: CAF जवान और शिक्षक सहित 5 गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल
Share this
जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कॉलेज प्रोफेसर का अपहरण कर 14 लाख रुपये की लूट की गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वालों में एक CAF जवान और एक प्राथमिक स्कूल का शिक्षक शामिल है। आरोपियों ने प्रोफेसर को अगवा कर उनकी आपत्तिजनकवीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया।
घटना 28 नवंबर की – 1 दिसंबर को दर्ज हुई रिपोर्ट
खरौद के लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय के प्रोफेसर 28 नवंबर को पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में 5 युवकों ने उन्हें रोककर 2,900 रुपये लूट लिए और जबरन बाइक में बैठाकर पामगढ़ के केसला गांव के पास खदान में ले गए।
पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया, खाना-पानी और कंबल दिया गया, लेकिन इसके बाद प्रोफेसर के साथ मारपीट कर 25 लाख की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर कपड़े उतरवाकर न्यूड वीडियो बनाया गया और वायरल करने की धमकी दी गई।
ब्लैकमेल कर 14 लाख का चेक लिया, बैंक में हंगामा होते देख भागे आरोपी
दहशत में आए प्रोफेसर ने अपने खाते से 14 लाख रुपये देने के लिए चेक लिख दिया।
अगले दिन आरोपी प्रोफेसर को बैंक ले गए, लेकिन पैसे निकालने के बाद प्रोफेसर सुरक्षित जगह जाकर चिल्लाने लगे। हंगामा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिक्षक ने रची थी पूरी साजिश, CAF जवान को था पैसों की जरूरत
जांच में सामने आया कि CAF जवान करन दिनकर ढाई साल से ड्यूटी से गायब था और लोगों से उधारी लेकर जीवन चला रहा था।
इसी बीच बोरसी स्कूल के शिक्षक कार्तिकेश्वर रात्रे ने प्रोफेसर के सीधे स्वभाव का फायदा उठाने की प्लानिंग की। दोनों ब्याज पर पैसा देने का काम भी करते थे।
रात्रे और करन ने प्रोफेसर को टारगेट किया और तीन अन्य युवकों को शामिल कर पूरी साजिश तैयार की।
सभी आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल
SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एक नाबालिग भी इसमें शामिल है, जिसने प्रोफेसर के निकलने की सूचना दी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका
1. करन दिनकर (29) – CAF जवान, पैसों की जरूरत थी
2. कार्तिकेश्वर रात्रे (35) – शिक्षक, घटना का मुख्य मास्टरमाइंड
3. अरुण मनहर (19) – प्रोफेसर के घर चेक लेने गया
4. श्यामजी सिन्हा (24) – वारदात में सहयोगी
5. नाबालिग – प्रोफेसर की रेकी की
