छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई: लोहा कारोबारियों के 50 ठिकानों पर IT रेड, रायपुर-दुर्ग-बिलासपुर में हड़कंप
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने शुक्रवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा एवं स्टील कारोबार से जुड़े 50 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। यह दबिश रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ जिलों में की गई, जहां स्पंज आयरन, स्टील रोलिंग मिल, पावर प्लांट और जमीन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच चल रही है।
छापेमारी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए 100 से अधिक CRPF जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। सभी ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों की जांच, डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल और लेन-देन संबंधी महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रही हैं।
हाल के दिनों में लगातार बढ़ी कार्रवाई
5 दिन पहले ED की बड़ी रेड
30 नवंबर को मेडिकल कॉलेज मान्यता घोटाले में ED ने देशभर के 8 राज्यों में छापेमारी की थी। कार्रवाई में रायपुर स्थित रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज भी शामिल था। इस दौरान डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी से पूछताछ की गई और मोबाइल फोन, DVR, हार्ड डिस्क सहित कई डिजिटल सबूत जब्त किए गए। बैंक खातों की जानकारी भी मांगी गई है और ED की तकनीकी टीम अब इन डाटा की जांच में जुटी है।
11 दिन पहले ACB-EOW की छापेमारी
24 नवंबर को ACB- EOW ने शराब घोटाला एवं DMF घोटाले से जुड़े मामलों में 19 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था।
DMF मामले में हरपाल सिंह अरोड़ा एवं सहयोगियों के रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, कोंडागांव, धमतरी और बलरामपुर स्थित 11 ठिकानों पर जांच की गई।
वहीं शराब घोटाले के सिलसिले में अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों से जुड़े रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं बस्तर के 8 स्थानों पर रेड की गई।
लगातार हो रही ये कार्रवाइयाँ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं पर कड़ा शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
