बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने पर झाड़ियों में घुसी स्कूल बस, दर्जनों बच्चे सुरक्षित
Share this
जशपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी बीच जशपुर जिले से एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है, जहां स्कूल बस का ब्रेक फेल हो गया, लेकिन चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मुड़ागांव के पास की है। जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस रोज की तरह दर्जनों बच्चों को लेकर जा रही थी। बस तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाई और बस को सड़क किनारे मोड़ दिया। इसके चलते बस झाड़ियों में फंस गई और पास ही बह रहे नाले में गिरने से बच गई।
बच्चों में अफरा-तफरी, पर सब सुरक्षित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक झटके से बच्चे घबरा गए और बस में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन ड्राइवर की त्वरित प्रतिक्रिया और नियंत्रण के कारण सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाले गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब बस में तकनीकी खराबी और नियमित मेंटेनेंस में लापरवाही की जांच हो रही है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से यह भी पूछा है कि बसों की नियमित जांच-पड़ताल आखिर क्यों नहीं की गई।
यह घटना फिर से स्कूल बसों की सुरक्षा और मेंटेनेंस की अनिवार्यता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
