नवा रायपुर स्टेडियम में भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच: ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध

Share this

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक शहर में मध्यम व भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

रायपुर शहर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग

रायपुर नगर से स्टेडियम आने वाले दर्शक चीचा स्टेडियम तिराहा → साईं अस्पताल रोड मार्ग से होकर पहुँचेंगे। उन्हें अपने वाहन साईं अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुँचने की सलाह दी गई है।

बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शक

बिलासपुर की दिशा से आने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम के पूर्वी दिशा में स्थित परसदा पार्किंग और कोसा पार्किंग निर्धारित की गई है, जहाँ वाहन पार्क करने के बाद दर्शक पैदल स्टेडियम पहुँचेंगे।

बलौदाबाजार–खरोरा की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग

इस मार्ग से आने वाले दर्शक नेशनल हाईवे-53 → मंदिर हसौद → नवागांव → स्टेडियम टर्निंग के रास्ते से पहुंचेंगे और अपने वाहन परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में खड़े करेंगे।

धमतरी–जगदलपुर मार्ग की ओर से आने वाले दर्शक

इस दिशा से आने वाले दर्शकों के लिए सेंध तालाब क्षेत्र से होकर साईं अस्पताल पार्किंग व सेंध तालाब पार्किंग में वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है।

दुर्ग–भिलाई मार्ग से आने वाले दर्शक

दुर्ग–भिलाई की ओर से आने वाले दर्शक भी सत्यसाईं अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में वाहन पार्क करने के बाद पैदल स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।

महासमुंद–सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शक

इस दिशा से आने वाले दर्शक स्टेडियम के पूर्व दिशा में स्थित परसदा पार्किंग और कोसा पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे।

इसके अलावा, पासधारी वाहनों के लिए A, B, C, D, E, F, G पार्किंग जोन्स निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने दर्शकों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि सड़क व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Share this

You may have missed