केशकाल में छत्तीसगढ़ की पहली ट्विन टनल का दूसरा भाग पूरा, ब्लास्टिंग से खुला अंतिम सेक्शन
Share this
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के केशकाल में बन रही राज्य की पहली ट्विन टनल निर्माण कार्य में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को दूसरी टनल के अंतिम हिस्से की ब्लास्टिंग पूरी कर दी गई, जिससे पूरी सुरंग का रास्ता अब खुल गया है। यह ब्लास्टिंग एसडीएम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। 4.5 मीटर लंबाई की इस सुरंग की दीवार को तोड़ने की प्रक्रिया का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह ट्विन टनल रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है। देशभर में तेज़ी से हाईवे और एक्सप्रेसवे निर्माण के बीच यह प्रोजेक्ट विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी।
भारतमाला परियोजना के अंतर्गत बन रहे इस एक्सप्रेसवे से रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी कम होगी और सफर कहीं ज्यादा सुगम और सुरक्षित बनेगा। अधिकारियों का कहना है कि टनल निर्माण पूरा होना परियोजना की बड़ी उपलब्धि है और आगे का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
