ODI मैच के टिकट 30 मिनट में फुल! 200 से ज्यादा टिकट दलालों द्वारा खरीदे जाने का दावा, फैंस भड़के
Share this
रायपुर। अगले महीने 3 दिसंबर को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला वनडे इंटरनेशनल मुकाबला छत्तीसगढ़ में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। लम्बे अंतराल के बाद रायपुर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर उत्साह चरम पर है, क्योंकि भारतीय टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद रहने की उम्मीद है।
लेकिन इसी उत्साह के बीच क्रिकेट फैंस को एक बड़ा झटका लगा है। शनिवार शाम 5 बजे ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू हुई, और मात्र 30 मिनट में ही सभी टिकट सोल्ड आउट दिखने लगे। इससे हजारों फैंस टिकट खरीदने से वंचित रह गए और सोशल मीडिया पर नाराजगी जताने लगे।
200 से ज्यादा टिकट दलालों द्वारा खरीदे जाने का दावा:-
स्रोतों के अनुसार, टिकट बिक्री शुरू होते ही बड़ी संख्या में टिकटों की खरीद दर्ज हुई। यहां तक कि दावा किया जा रहा है कि एक रेलवे टिकट दलाल ने ही 200 से अधिक टिकट खरीद लिए, जिनमें सिल्वर से लेकर कॉरपोरेट बॉक्स तक के टिकट शामिल हैं। इससे टिकटों की कालाबाजारी की आशंका और भी प्रबल हो गई है।
फैंस को मौका नहीं मिला, कई सवाल खड़े:-
टिकट बिक्री आधे घंटे में खत्म होने के बाद फैंस का कहना है कि वेबसाइट लगातार क्रैश हो रही थी और कई लोगों को टिकट चयन का विकल्प भी नहीं मिला। इससे यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या टिकटों की बुकिंग सामान्य प्रक्रिया से हुई या फिर किसी समूह द्वारा Bulk में टिकट खरीदे गए?
फैंस हुए नाराज, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा:-
स्टेडियम में मैच देखने का सपना सजाए फैंस अब टिकट के लिए जगह-जगह भटक रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी हजारों लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर 30 मिनट के भीतर इतने बड़े पैमाने पर टिकट किसने खरीद लिए और क्या क्रिकेट बोर्ड या टिकटिंग एजेंसी इस मामले पर कोई कार्रवाई करेगी?
3 दिसंबर को होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला:-
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए रायपुर पूरी तरह तैयार है। लेकिन टिकट विवाद ने पहले ही इस मैच को सुर्खियों में ला दिया है।
