लेडी गैंग का आतंक: चाकू की नोक पर युवती का अपहरण, मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल

Share this

जबलपुर। शहर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में एक लेडी गैंग द्वारा आतंक मचाने का मामला सामने आया है। दो नाबालिग लड़कियों और एक युवती से बनी इस गैंग ने 15 नवंबर को एक युवती को चाकू की नोक पर अगवा कर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की पिटाई का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपित लड़कियां घमापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। यह गैंग पीड़ित युवती को सिविल लाइन इलाके से जबरन उठा ले गई और ग्वारीघाट श्मशान घाट के पास ले जाकर लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान हमला करने वाली लड़कियों ने पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था।

पहले पीड़िता ने केवल एक शिकायत आवेदन दर्ज कराया था, लेकिन जैसे ही उसे पता चला कि उसकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, वह तुरंत थाने पहुंची और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this

You may have missed