हार्वेस्टर ड्राइवर से 1700 रुपए वसूला, SP ने कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच किया, विभागीय जांच शुरू
Share this
जांजगीर-चांपा। हार्वेस्टर ड्राइवर से कथित रूप से 1700 रुपए की अवैध वसूली के मामले में जांजगीर-चांपा SP विजय पाण्डेय ने कड़ा एक्शन लेते हुए कॉन्स्टेबल राजू लठेवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। मामले की विभागीय जांच सीएसपी योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला केरा चौक के पास का है। गुरुवार को सरगांव की ओर से आ रहे एक हार्वेस्टर को वाहन जांच के दौरान रोका गया। दस्तावेजों की जांच में कुछ कमियां पाई गईं। इसी बीच हार्वेस्टर ड्राइवर ने आरोप लगाया कि चालानी प्रक्रिया अपनाने के बजाय जांजगीर थाने में पदस्थ आरक्षक ने उससे 1700 रुपए वसूल लिए।
ड्राइवर का कहना है कि उसके पास मौके पर कैश उपलब्ध नहीं था, जिसके बाद कॉन्स्टेबल ने कथित रूप से एक अन्य व्यक्ति के फोन पे UPI के माध्यम से अपने खाते में रकम डलवाई और बाद में उस व्यक्ति से कैश प्राप्त किया। इस पूरे लेन-देन के बावजूद ड्राइवर को कोई चालानी पर्ची नहीं दी गई।
मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय तक पहुंचते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि प्राथमिक जांच के निर्देश सीएसपी योगिताबाली खापर्डे को दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

