धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — धान चोरी का मामला सुलझा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share this

धमतरी। एसपी के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला 11 नवंबर 2025 की रात का है, जब आर.एल. एग्रोटेक, नया बस स्टैंड के पीछे स्थित प्रार्थी विजय लालवानी के धान गोदाम से अज्ञात चोरों द्वारा 11 कट्टा (प्रत्येक लगभग 40 किलो) आर.बी. धान, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹12,000 बताई गई, चोरी कर लिया गया था।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 109/25, धारा 331(4), 305(a), 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सोरिद नगर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति धान बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदेही हर्ष मानिकपुरी पिता अशोक मानिकपुरी (उम्र 22 वर्ष, निवासी बठेना वार्ड, धमतरी) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी दुष्यंत साहू (निवासी स्टेशनपारा, धमतरी) के साथ मिलकर बस स्टैंड के पीछे स्थित गोदाम की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और वहां से 11 बोरी धान चोरी कर अपने ई-रिक्शा क्रमांक CG-05-AR-7019 में भरकर सोरिद नगर सब्जी मंडी के पास छुपाकर रख दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया धान, ई-रिक्शा और एक आईफोन मोबाइल जब्त किया। आरोपी का अपराध स्पष्ट पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी:

नाम: हर्ष मानिकपुरी पिता अशोक मानिकपुरी

उम्र: 22 वर्ष

पता: बठेना वार्ड, धमतरी, जिला धमतरी (छ.ग.)

Share this

You may have missed