अवैध धान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — गोदामों और सीमा पर जब्त हुई 1,400 बोरियां

Share this

महासमुंद। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर मंगलवार देर रात तक राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 1,400 बोरी धान जब्त किया है।

सराईपाली तहसील के ग्राम बालसी में कार्रवाई के दौरान अनिल ट्रेडर्स के गोदाम से 375 कट्टा और रोशन ट्रेडर्स के गोदाम से 50 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ओडिशा सीमा से अवैध रूप से लाए जा रहे 80 कट्टा धान को नायब तहसीलदार प्रकृति और मंडी टीम ने जब्त किया।

इसी तरह पिथौरा तहसील क्षेत्र में भी प्रशासनिक टीम ने छोटे लोरम, लालमाटी और गोमती गांवों में छापे मारकर कुल 900 बोरी धान जब्त किया। यह कार्रवाई एसडीएम बजरंग वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

कलेक्टर विनय लंगेह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि, “धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व कोई भी व्यक्ति या व्यापारी अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन न करे। नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

प्रशासन ने यह भी बताया कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी न हो सके।

 

Share this

You may have missed