पंचायत सचिव निलंबित — 15वें वित्त आयोग की राशि में अनियमितता और जांच दल से दुर्व्यवहार के आरोप

Share this

सक्ती। जिले के जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरघट्टी के पंचायत सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा को जिला पंचायत सीईओ ने निलंबित कर दिया है। सचिव पर 15वें वित्त आयोग और अन्य मद की राशि के उपयोग में अनियमितता, कार्य में लापरवाही, जांच दल के साथ असहयोग और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मरघट्टी में वित्तीय अनियमितता की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद जनपद पंचायत स्तर पर एक जांच समिति गठित की गई। जांच के दौरान सचिव महेन्द्र चन्द्रा ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में टालमटोल की और जांच दल के अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने तत्काल प्रभाव से सचिव को निलंबित करने का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन और अपील) नियम 1999 के तहत की गई है।

निलंबन की अवधि में सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा को केवल जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा और उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मालखरौदा निर्धारित किया गया है। वहीं, संबंधित पंचायत सचिव का प्रभार निकटतम ग्राम पंचायत के सचिव को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आदेश की तामिली रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि यह कार्रवाई जांच प्रतिवेदन में पाई गई वित्तीय गड़बड़ियों और लापरवाही के आधार पर की गई है।

इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में नियमों के पालन और जवाबदेही को लेकर एक सख्त संदेश गया है।

Share this

You may have missed