बॉलीवुड के हीमैन की तबीयत बिगड़ी, ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहा इलाज
Share this
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘हीमैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र की तबीयत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें सोमवार को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों की निगरानी में धर्मेंद्र को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही है। हालांकि अभी तक परिवार या अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, आने वाले 72 घंटे उनके लिए बेहद निर्णायक माने जा रहे हैं।
धर्मेंद्र की उम्र 80 वर्ष से अधिक है और वे लंबे समय से उम्रजनित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। बीते कुछ वर्षों में उन्हें कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
वर्तमान में धर्मेंद्र का पूरा परिवार अस्पताल में मौजूद है। बताया जा रहा है कि उनकी बेटियों को भी अमेरिका से बुलाने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, अभिनेता के फैंस और बॉलीवुड जगत के साथी कलाकार लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
