जिले की सड़कों की होगी मरम्मत — 575.20 लाख की स्वीकृति, 31 दिसंबर तक पूरा होगा काम

Share this

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव द्वारा अपने जांजगीर प्रवास (दिनांक 07 अक्टूबर 2025) के दौरान की गई घोषणा पर अब अमल शुरू हो गया है। वर्षा ऋतु के बाद जिले की सड़कों की मरम्मत और रखरखाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती ममता पटेल ने बताया कि वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का विस्तृत सर्वेक्षण कर मूल्यांकन किया गया। इसके तहत लगभग 274.40 किलोमीटर लंबाई के मार्गों को मरम्मत के लिए चिन्हांकित किया गया है। इन सड़कों के रखरखाव हेतु 575.20 लाख रुपए की राशि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विभाग द्वारा निविदा आमंत्रण और कार्यादेश जारी करते हुए मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सभी चिन्हांकित मार्गों की मरम्मत 31 दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण करें।

Share this

You may have missed