CG murder case: राजधानी में नर्स की बेरहमी से हत्या, कमरे में मिला खून से सना शव…NV News
Share this
रायपुर/(CG murder case): राजधानी में एक नर्स की हत्या ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवती का खून से लथपथ शव उसके किराए के कमरे में मिला। मृतका की पहचान प्रियंका दास (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो NHMMI नारायण हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थी।
जानकारी अनुसार ,प्रियंका अपने कमरे में अकेली रहती थी। बुधवार रात तक वह ड्यूटी पर थी और देर रात घर लौटी थी। गुरुवार सुबह जब हॉस्पिटल के सहकर्मियों ने उसे कई बार फोन किया तो जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर साथी कर्मचारी उसके कमरे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो भीतर का नजारा देख सबके होश उड़ गए, प्रियंका खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी।
बता दें,घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया और कमरे को सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में प्रियंका के शरीर पर चाकू से कई वार पाए गए हैं, जिससे साफ है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई।
पुलिस का मानना है कि हत्या बुधवार देर रात की गई होगी। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। प्रियंका के दोस्तों और सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि वारदात में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है, क्योंकि कमरे में जबर्दस्ती घुसने के निशान नहीं मिले हैं।
प्रियंका मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही है और रायपुर में नौकरी के लिए पिछले दो साल से रह रही थी। उसके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात से न केवल हॉस्पिटल स्टाफ बल्कि स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
फिलहाल टिकरापारा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है,चाहे वह व्यक्तिगत विवाद, प्रेम प्रसंग, या आर्थिक कारण से जुड़ा क्यों न हो।
