CG Road Accident: एटीएम से पैसे निकालकर लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत…NV News
Share this
जगदलपुर/(CG Road Accident): बस्तर जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मेटागुड़ा निवासी मजदूर कमलोचन बघेल की उस समय मौत हो गई जब वह एटीएम से पैसे निकालकर घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह मेटागुड़ा चौक के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमलोचन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल जगदलपुर पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।कमलोचन रोज़ की तरह मजदूरी का काम खत्म कर शाम को घर आया था। रात में वह कुछ जरूरी काम के लिए एटीएम गया था, लेकिन लौटते वक्त यह हादसा हो गया। परिवार में वह अकेला कमाने वाला सदस्य था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति अब और भी खराब हो गई है।
पुलिस ने घटना के बाद मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
