CG Temple Vandalized :गणेश प्रतिमा खंडित,हनुमान जी के नैन चोरी…NV News
Share this
बिलासपुर/(CG Temple Vandalized): चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कड़ार में अज्ञात बदमाशों ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाते हुए भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा तोड़ दी और मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी के नैन चुरा लिए। इस घटना से गांव में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने इस कृत्य को आस्था पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव के श्रद्धालुओं के मुताबिक, कड़ार गांव के बंधवा तालाब के पास स्थित गणेश मंदिर में प्रतिदिन पूजा-पाठ होता है। सोमवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा खंडित अवस्था में जमीन पर बिखरी पड़ी थी। वहीं, हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी के नैन गायब थे। यह दृश्य देखकर श्रद्धालुओं के होश उड़ गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
गांव के मनीष दुबे ने बताया कि वे सुबह तालाब पर नहाने गए थे, तभी उनकी नजर टूटी हुई प्रतिमा पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास तलाश की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण मंदिर में जुटे और विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की घटना है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
इधर, पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि घटना गंभीर है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
गांव में तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। ग्रामीण अब भी मंदिर परिसर में डटे हुए हैं और भगवान गणेश की नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
