सरकार सख्त, लेकिन सट्टेबाज चालाक! 8,400 वेबसाइटें ब्लॉक के बाद भी जारी ऑनलाइन जुआ…NV News
Share this
Raipur: देश में ऑनलाइन जुए और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई के बावजूद यह नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। हाल ही में 8,400 से ज्यादा वेबसाइटों को ब्लॉक किया गया, लेकिन इसके बावजूद सट्टेबाजी का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।
बताया जा रहा है कि इन वेबसाइटों के संचालक नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर बार-बार नए डोमेन और ऐप्स के जरिए बाजार में वापस आ जाते हैं। कई प्लेटफॉर्म VPN, मिरर साइट्स और सोशल मीडिया लिंक के माध्यम से यूजर्स तक पहुंच बना रहे हैं, जिससे इन्हें पूरी तरह रोक पाना चुनौती बन गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नेटवर्क अब सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि इसके जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग, ठगी और अन्य साइबर अपराधों को भी अंजाम दिया जा रहा है। युवाओं को टारगेट कर उन्हें लालच देकर इस जाल में फंसाया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान संकट के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कुछ नेटवर्क ने भारत में अपने ऑपरेशन को और तेज कर दिया है। ये नेटवर्क विदेशी सर्वर और डिजिटल पेमेंट सिस्टम का इस्तेमाल कर जांच एजेंसियों से बचने की कोशिश करते हैं।
सरकारी एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं और नई वेबसाइटों को ट्रैक कर ब्लॉक करने की कार्रवाई कर रही हैं। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है ताकि वे इस तरह के अवैध प्लेटफॉर्म से दूर रहें।
