विधानसभा मार्ग पर निगम की बड़ी कार्रवाई, नाले से हटाए 45 अवैध पाटे…NV News

Share this

NV News रायपुर। राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक-7 स्थित विधानसभा मार्ग पर बारिश के दौरान जलभराव और यातायात जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम जोन-9 ने बड़ी कार्रवाई की। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नाले के ऊपर बने 45 अवैध पाटों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।

नगर निगम के अनुसार, नाले पर अवैध निर्माण के कारण सफाई कार्य बाधित हो रहा था, जिससे बारिश के समय पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ सड़क पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही थी। अभियान के दौरान नाले से अतिक्रमण हटाकर उसकी सफाई कराई गई, ताकि गंदे पानी का सुचारु निकास सुनिश्चित किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता अतुल बंसल और रविप्रभात साहू मौजूद रहे। नगर निगम ने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या रोकने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share this