CG News: जोन 10 में बड़े नालों की सफाई का निरीक्षण; जलभराव वाले क्षेत्रों में मरम्मत के कड़े निर्देश…NV News
Share this
NV News रायपुर: मानसून के आगमन से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने आज नगर निगम जोन 10 के विभिन्न वार्डों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वर्षा पूर्व बड़े नालों की सफाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का जमीनी स्तर पर प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस निरीक्षण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर के साथ वार्ड पार्षद गायत्री नौरंगे, सुषमा तिलक साहू, विनय पंकज निर्मलकर सहित जोन 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, स्वच्छता निरीक्षक राहुल वैष्णव और अनिल झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की इस संयुक्त टीम ने वार्डों के उन संवेदनशील और निचले इलाकों का खास तौर पर दौरा किया, जहां हर साल बारिश के दिनों में जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है।
निरीक्षण के दौरान गायत्री सुनील चंद्राकर ने बड़े नालों की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ पानी की सुगम निकासी के लिए किए जा रहे प्रबंधों को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा को स्पष्ट हिदायत दी कि बारिश शुरू होने से पहले सभी बड़े और छोटे नालों के भीतर जमा सिल्ट और कचरे को पूरी तरह साफ कर लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने व्यवहारिक आवश्यकताओं को देखते हुए क्षतिग्रस्त नालों और पुलियाओं की जोन के माध्यम से तत्काल आवश्यक मरम्मत कराने के कड़े निर्देश दिए, ताकि बारिश के पानी का निकास सुगम हो सके और नागरिकों को परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि वर्षा पूर्व सफाई अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी रखने और नालों से निकाले गए कचरे को तुरंत वहां से हटाने के निर्देश दिए, ताकि वह कचरा दोबारा बारिश के पानी के साथ बहकर नालों में न समाए। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों की ड्रेनेज समस्याओं से अवगत कराया, जिसके त्वरित निराकरण के लिए जोन कमिश्नर को स्थल पर ही निर्देशित किया गया।

